उप मुख्यमंत्री ने गुरूग्राम में आयोजित जिला स्तरीय सुशासन दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में की शिरकत

Dushyant Chautala calls for simultaneous polls in Haryana, says it will  halve cost, ease drain on staff

चण्डीगढ़, 25 दिसंबर – हरियाणा के उप मुख्यमंत्री श्री दुष्यंत चौटाला ने सुशासन दिवस पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया है कि वे देश व प्रदेश की तरक्की के लिए दफ्तर में बैठकर नहीं, बल्कि अपने क्षेत्र के गांव और शहरी इलाके में जाकर काम करें। सुशासन दिवस के दिन हम सबको यह संकल्प लेना चाहिए कि हम ईमानदारी से अपने कर्तव्य का पालन करेंगे ताकि आमजन का जीवन सुगम हो सके।

        उप मुख्यमंत्री ने यह बात गुरूग्राम में आयोजित जिला स्तरीय सुशासन दिवस कार्यक्रम के दौरान कही। इस अवसर पर सिरसा की सांसद श्रीमती सुनीता दुग्गल भी उपस्थित रही। इस दौरान गुरूग्राम में आंगनवाड़ी वर्कर, सुपरवाईजर व सीडीपीओ को मोबाइल फोन भी बांटे।

        श्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सुशासन का असली अर्थ यही है कि जो व्यक्ति प्रशासन और विभाग तक नहीं पहुंच सकते, उनके पास विभाग स्वयं पहुंच जाए और उसकी मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा किया जाए। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के कुशल मार्गदर्शन में राज्य सरकार 600 से अधिक सेवाओं को पोर्टल के जरिए संचालित कर रही है। हर आम आदमी का उसकी वास्तविक आर्थिक स्थिति के आधार पर परिवार पहचान पत्र बनाया गया है। जो व्यक्ति साठ साल की आयु पार कर चुका है, उसकी आज स्वतः ही बुढापा पेंशन बन जाती है। जिस व्यक्ति की आय एक लाख 80 हजार रुपए या इससे कम है, उसका बीपीएल कार्ड बना दिया जाता है और राशन मिलना शुरू हो जाता है। यह सब सुशासन का ही परिणाम है।

        उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य है, जहां 1.20 लाख की बजाय 1.80 लाख की आय वाले परिवारों के बीपीएल राशन कार्ड बनाए जा रहे हैं। स्व. चौ.देवीलाल ने भी आज से 28 साल पहले काम के बदले अनाज योजना शुरू की थी, जो कि आज मनरेगा का रूप ले चुकी है। सरकार की कोशिश है कि राशन के डिपो की दुकान पर माइक्रो एटीएम को लगा दिया जाए, जिससे कि आम नागरिक वहां से पांच हजार रूपए तक खाते में से निकाल सके। कर नीति को इस प्रकार से बनाया गया है कि अब इंस्पेक्टरी राज खत्म हो गया है। आज मंडियों में किसान दो घंटे में अपनी फसल बेचकर चला जाता है और दो दिन बाद उसके खाते में भुगतान की रकम आ जाती है।

राष्ट्र निर्माण में योगदान दें अधिकारी व कर्मचारी -सांसद सुनीता दुग्गल

        इस अवसर पर सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी व बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के संस्थापक पं. मदन मोहन मालवीय की जयंती के उपलक्ष्य में हरियाणा सरकार ने नौ साल पहले सुशासन दिवस मनाए जाने की परंपरा शुरू की थी। केंद्र व हरियाणा सरकार ने शनैः-शनैः सुशासन की दिशा में आगे बढ़ते हुए आमजन तक सरकार की योजनाओं व सेवाओं की पहुंच आसान की है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी वर्कर धरातल पर काम करती हैं, उनको र्स्माट फोन देकर सरकार ने सराहनीय कार्य किया है। कर्मचारी व अधिकारियों को हमेशा आम लोगों के हित में काम करना चाहिए और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.