‘जनता ही संविधान की असली संरक्षक’, गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण के बाद बोले CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर कालिदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद एक सभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत का नागरिक ही संविधान का असली संरक्षक है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि संवैधानिक मूल्यों को सही मायने में बनाए रखने के लिए हर संस्था, मंत्रालय और विभाग को लोगों के प्रति जवाबदेह रहना चाहिए.
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य और ऐतिहासिक आयोजन किया जा रहा है. इस बार गणतंत्र दिवस समारोह में प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता के साथ-साथ पहली बार देश के नौ राज्यों की विविध संस्कृतियों का संगम भी देखने को मिलेगा. ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ थीम पर आधारित इस विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में असम, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार सहित अन्य राज्यों से आए 200 से अधिक कलाकार भाग लेंगे. इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अतिरिक्त विश्वविद्यालयों के एनसीसी कैडेट्स और सशस्त्र बलों व अर्धसैनिक बलों की टुकड़ियों का परेड संचालन होगा. विभिन्न विभागों की झांकियों के माध्यम से प्रदेश की विकास गाथा को प्रदर्शित किया जाएगा.