दिल्ली में आतिशी-पूर्व मंत्रियों के पर्सनल स्टाफ हटाए गए:24 से 27 फरवरी तक विधानसभा का सत्र, अरविंदर सिंह लवली प्रोटेम स्पीकर होंगे

 

दिल्ली में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के एक दिन बाद रेखा गुप्ता ने पूर्व CM आतिशी और उनके मंत्रियों के पर्सनल स्टाफ को हटा दिया है। इसके अलावा आतिशी सरकार ने जिन अधिकारियों-कर्मचारियों को दूसरी जगह नियुक्त किया था उन्हें फौरन अपने मूल विभाग में रिपोर्ट करने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज दोपहर सचिवालय पहुंची और मंत्रियों-अफसरों के साथ मीटिंग की। इसमें दिल्ली जल बोर्ड, PWD और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को खास तौर पर बुलाया गया था। मीटिंग में खराब सड़कों, पानी और मुहल्ला क्लिनिक को मॉडिफाई करने पर चर्चा हुई। इसके बाद वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मिलीं।

शपथ लेने के बाद रेखा गुप्ता ने पहली कैबिनेट मीटिंग में दिल्ली में आयुष्मान योजना लागू करने पर मुहर लगाई। उन्होंने कहा कि 24 फरवरी से विधानसभा का सत्र बुलाया जाएगा, जो 27 फरवरी तक चलेगा। इसमें स्पीकर और डिप्टी स्पीकर पर फैसला हो सकता है। नए विधायक भी इसी दिन शपथ लेंगे।

विधानसभा अध्यक्ष पद के उम्मीदवार विजेंद्र गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि अरविंदर सिंह लवली प्रोटेम स्पीकर होंगे। उन्होंने बताया कि सत्र में 25 फरवरी को CAG की सभी 14 पेंडिंग रिपोर्ट पेश होंगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि AAP सरकार की शराब नीति में गड़बड़ी से दिल्ली को 2026 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कांग्रेस और AAP पर नई सरकार की आलोचना करने पर जवाब दिया। रेखा ने कहा- शपथ लेने के तुरंत बाद पहले दिन हमारी कैबिनेट बैठक हुई और हमने आयुष्मान भारत योजना को मंजूरी दी, जिसे AAP ने रोक रखा था। अब हम दिल्ली की चिंता करेंगे और PM मोदी के नेतृत्व में दिल्ली को उसका हक मिलेगा।

रेखा ने आगे कहा, ‘उन्हें (विपक्ष) अपनी पार्टी संभालनी चाहिए, बहुत से लोग हैं जो जाना चाहते हैं। उन्हें चिंता है कि जब CAG की रिपोर्ट सदन में पेश होगी, तो बहुत से लोगों के रिकॉर्ड सामने आ जाएंगे।’

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.