मुख्यमंत्री ने लखनऊ अग्निकांड पर दुख व्यक्त करते हुए जताई संवेदना

Screenshot

चंडीगढ़, 22 जून-हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए लखनऊ में हुए अग्निकांड पर दुख व्यक्त किया और इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी व्यक्तियों के प्रति अपनी संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री ने तुरंत घटनास्थल पर जाकर मौका मुआयना किया है और बचाव कार्यों का जायजा लिया है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने हादसे के घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

मुख्यमंत्री ने एक अन्य प्रश्न के जवाब में कहा कि ग्लोबल वार्मिंग से बचाव के लिए पर्यावरण संरक्षण करना बहुत जरूरी है जिसके लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाए जाने चाहिए। हरियाणा सरकार इस दिशा में गंभीर प्रयास कर रही है। हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां पुराने वृक्षों को पेंशन दी जाती है ताकि उनका उचित संरक्षण किया जा सके। उन्होंने कहा कि हर साल की भांति इस वर्ष मानसून सीजन में भी हरियाणा में ‘एक पेड़ मां के नाम’ योजना के तहत बड़ी संख्या में पौधारोपण किया जाएगा। इन पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड लगाए जाएंगे और इनकी देखभाल की जाएगी ताकि ये पूरी तरह से विकसित हो सकें।

इस अवसर पर पर्यटन एवं सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता, मुख्यमंत्री के ओएसडी डॉ. राज नेहरू, ओएसडी श्री वीरेंद्र सिंह बड़खालसा, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के अतिरिक्त निदेशक कैप्टन मनीष कुमार लोहान तथा मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव श्री प्रवीन अत्रे भी मौजूद थे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.