देश के वीर सपूतों के बलिदानों के कारण ही आज हम ले रहे हैं खुली हवा में सांस- कृष्ण लाल पंवार

चंडीगढ़, 3 दिसंबर – हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि देश के वीर सपूतों के बलिदानों के कारण ही आज हम आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं। हमारे वीर शहीदों व क्रांतिकारियों ने जीवन की परवाह किए बगैर भारत माता की रक्षा करने के लिए अपने आप को न्योछावर कर दिया।

श्री पंवार आज सोनीपत जिले के गांव शामड़ी में आयोजित 11 नंबरदार शहादत दिवस कार्यक्रम को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता आंदोलन काल में फांसी पर चढ़े 11 शहीद नंबरदारों को नमन करते हुए कहा कि इन सभी नंबरदारों ने देश की रक्षा करते हुए जो अपने प्राणों की आहुति दी है उसे हम कभी नहीं भूल सकते। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने हमारे वीर सपूतों पर बहुत अत्याचार किए।

उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी भी उन क्रांतिकारियों की तरह देश के मान-सम्मान को बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। आज उनकी ही विदेश नीति है कि हमारे बच्चों को निकालने के लिए रूस और यूक्रेन को अपना युद्ध रोकना पड़ा ताकि किसी भारतीय को कोई नुकसान न पहुंचे। आज हर विकसित देश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए भारत का साथ चाहता है।

 

कुरुक्षेत्र 48 कोस के तीर्थों पर जमेगा गीता महोत्सव का रंग

चण्डीगढ़, 3 दिसंबर – महाभारत धरा के 48 कोस के तीर्थों पर गीता महोत्सव का रंग जमेगा। कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत व जींद जिले के सभी 182 तीर्थों पर गीता वाणी की गूंज सुनाई देगी। गीता पाठ के साथ तीर्थों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ-साथ 48 कोस के तीर्थों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीता पाठ व गीता यज्ञ का आयोजन होगा।

तीर्थों पर गीता महोत्सव के आयोजन का उद्देश्य गीता की सार्वभौमिकता के साथ युवाओं को जोड़ना है। इसके साथ ही बुजुर्गों व महिलाओं का गीता के साथ जुड़ाव बढ़ाने के लिए गीता पाठ का आयोजन किया जाएगा। हरियाणवी सॉन्ग के जरिये भी हरियाणवी संस्कृति की मूल प्रस्तुतियां होंगी, सांग की थीम भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े विषयों पर होगी।

दीपोत्सव में होगी ग्राम पंचायत व जनप्रतिनिधियों की भागीदारी

48 कोस के सभी तीर्थों पर 11 दिसंबर को दीपोत्सव का आयोजन होगा। दीपोत्सव में ग्राम पंचायतों की भागीदारी रहेगी और जनप्रतिनिधि मेहमान होंगे। इनमें ब्लाक समिति, जिला परिषद व निकायों के जनप्रतिनिधियों के साथ अन्य प्रबुद्ध लोगों को आमंत्रण भेजा जा रहा है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.