पंजाब के लोग इस चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस को देंगे करारा जवाब: नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़, 2 अगस्त। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्षों तक न्याय और सम्मान की प्रतीक्षा कर रहे डीएससी समाज को जहां हरियाणा में वर्तमान सरकार ने शपथ लेने के बाद पहली कैबिनेट मीटिंग में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय किया वहीं पंजाब में डीएससी समाज के आरक्षण का कोटा खत्म किया जा रहा है। नौकरी में सिलेक्शन और मेडिकल टेस्ट होने के बावजूद पंजाब सरकार ने डीएससी समाज के युवाओं को ज्वाइनिंग के समय घर भेजने का काम किया है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की कारगुजारियों को देखते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में पंजाब के लोग इन दोनों पार्टियों को करारा जवाब देंगे। पंजाब में भाजपा सरकार बनने के बाद डीएससी समुदाय को आरक्षण का लाभ दिया जाएगा। यह बात हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को पंजाब के फरीदकोट में आयोजित विमुक्त जाति समाज सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने हरियाणा सरकार और पंजाब सरकार की नीतियों की आंकड़ों सहित तुलना करते हुए पंजाब सरकार को घेरा और आमजन से आगामी विधानसभा चुनाव में पंजाब में भाजपा की सरकार बनवाने का आह्वान किया ताकि पंजाब के लोगों के साथ कांग्रेस व आम आदमी पार्टी के कार्यकाल में हुई अनदेखी को दूर किया जा सके और पंजाब को भी हरियाणा जैसी नीतियों का लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में वर्तमान सरकार बनते ही हमने डीएससी समाज के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण को कोटा दिया और इसके बाद 5600 पुलिस कर्मियों की भर्ती में डीएससी समाज के 604 बच्चों को बिना सिफारिश तथा बिना पैसे नौकरियां दीं। इसी प्रकार हरियाणा में अभी हाल ही में गु्रप-डी के 3200 बच्चे भर्ती किए गए जिनमें से डीएससी समाज के 334 गरीब बच्चों को नौकरियां मिली हैं। दूसरी ओर पंजाब में भर्ती के बाद भी वंचित समुदाय के बच्चों को ज्वाइनिंग नहीं दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में पिछले दिनों एक्साइज इंस्पेक्टर की भर्ती के दौरान अपने आप को आम आदमी तथा ईमानदार सरकार कहने वालों का सच पंजाब ही नहीं बल्कि देश की जनता के सामने खुल गया है। इस भर्ती में हुई धांधली ने मान सरकार की ईमानदारी का चौला सबके सामने उतर गया है। इस भर्ती में अपना नाम के साथ स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, डीआईपीएस और ‘इक दिन करमां वाला’ आदि लिखने वाले बच्चों का चयन किया गया है। इस परिणाम पर पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में स्टे लगा दिया गया है। पंजाब में इस प्रकार से नौकरियां बिक रही हैं जो पंजाब के युवाओं के साथ सरासर धोखा है। श्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि अक्सर पंजाब के लोग उनके पास चंडीगढ़ आकर कहते हैं कि जो सुधार भाजपा सरकार ने हरियाणा में लागू किए हैं उन्हें पंजाब में भी लागू किया जाए, इसके लिए पंजाब की जनता आगामी चुनावों में भाजपा को वोट देने को तैयार है। पंजाब में सरकार और मुख्यमंत्री केवल चुटकुले और बातें करके मन बहला रहे हैं लेकिन वास्तव में सरकार का काम चुटकुले सुनाना नहीं बल्कि जनता के हित में काम करना होता है जिसमें पंजाब सरकार पूरी तरह से फेल हो गई है। श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमने हरियाणा में सरकार बनाने से पहले 217 घोषणाएं की थीं जिनमें से 70 घोषणाएं डेढ़ साल के कार्यकाल में पूरी की हैं। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री तथा आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल से पूछा कि पंजाब की जनता जानना चाहती है कि उन्होंने चुनाव पूर्व किए 57 में से कितने वादे पूरे किए हैं। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं को बताया कि हमने हरियाणा में माताओं-बहनों को 2100 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता देने का वादा किया था जिसके लिए सरकार के पहले ही बजट में 5000 करोड़ रुपये का तथा दूसरे बजट में 6500 करोड़ रुपये का प्रावधान करके अपना वादा निभाया। सरकार के डेढ़ साल के कार्यकाल में बहनों के खातों में 1650 करोड़ रुपये भिजवाए जा चुके हैं। जबकि पंजाब में महिलाओं को 1000 रुपये देने का वादा किया गया था लेकिन आज पांच साल बाद दोबारा चुनाव होने के केवल चार महीने बचे हैं और अभी भी पंजाब की बहनों-माताओं को यह लाभ नहीं दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने गरीब लोगों के इलाज के लिए आयुष्मान योजना लागू की, हरियाणा ने आयुष्मान योजना के साथ चिरायु योजना के साथ इसका दायरा बढ़ाया और 1.5 करोड़ लोगों को योजना में शामिल किया। पिछले कुछ समय में हरियाणा के 40 लाख लोगों का 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज करवाया गया है जिस पर सरकार ने 4000 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। अब गरीब परिवारों को इलाज के लिए जमीन या गहने नहीं बेचने पड़ते हैं, इलाज के खर्च की चिंता परिवार नहीं, सरकार करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की पहल पर हरियाणा में 70 साल से अधिक के सभी बुजुर्गों का इलाज भी सरकार के खर्च पर हो रहा है जिस पर 8 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में डीएससी व डीएनटी समाज के लाखों लोगों को भाजपा सरकार ने शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में अपना मकान तथा प्लाट देने का काम किया है। हरियाणा में राज्य सरकार द्वारा पिछले 12 सालों में गरीब परिवारों को 1.60 लाख मकानों की चाबियां सौंपी गई हैं। इस सरकार द्वारा डीएससी समाज के गरीब परिवारों को मकान देने के लिए 3 कार्यक्रम सोनीपत, जींद व गुरुग्राम में किए जा चुके हैं, चौथा कार्यक्रम जल्द ही फरीदाबाद में किया जाएगा जिसमें 4000 परिवारों को फ्लैट की चाबियां सौंपी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी ने बुजुर्गों की पेंशन 1500 से 2500 करने का वादा किया था जिसे वह आज तक पूरा नहीं कर सकी है। इसके विपरीत हरियाणा में बुजुर्गों को सम्मान स्वरूप 3200 रुपये दिए जा रहे हैं। हरियाणा में गरीब परिवारों की रसोई में हरियाणा सरकार 500 रुपये में गैस सिलेंडर पहुंचा रही है। इसके अलावा किडनी के मरीजों के लिए मुफ्त डायलिसिस किया जा रहा है। उन्होंने हरियाणा सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पंजाब में सरकार बनने के बाद इन योजनाओं को यहां भी लागू करने का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वंचित समाज को समान अवसर, सामाजिक सम्मान और विकास की मुख्यधारा से जोड़ना भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि समाज के साथ हुए ऐतिहासिक अन्याय को केवल स्वीकार करना पर्याप्त नहीं, बल्कि उसे दूर करने के लिए ठोस नीतियों और संवेदनशील शासन की आवश्यकता है।